सीतापुर , जून 02 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मंगलवार को लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक और उसकी बहन की मौत हो गई, जबकि युवक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिसावां थाना क्षेत्र के कुरकापुर गांव निवासी विपिन अपनी पत्नी नीलम और बहन राखी के साथ बड़े मंगल के अवसर पर बालाजी मंदिर दर्शन के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान महोली थाना क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में विपिन और उनकी बहन राखी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विपिन और राखी को मृत घोषित कर दिया।

घटना में गंभीर रूप से घायल नीलम को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल, सीतापुर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के बाद फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित