सीतापुर , मार्च 17 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर के तंबौर थाना क्षेत्र के कस्बे में मंगलवार शाम अपनी बहन की शादी के लिए बैंक से पैसा निकाल कर घर जा रहे एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल की डिक्की से उचक्कों ने पांच लाख साठ हजार रुपये से भरा बैग पार कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार काजी टोला निवासी आफताब दो अलग-अलग बैंकों से पांच लाख साठ हजार रुपये निकालकर बैग में रखकर मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे हुए घर जा रहे थे। रास्ते में वह शादी के कार्ड देखने के लिए एक दुकान पर रुक गए। इसी दौरान उचक्कों ने मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया। कुछ देर बाद लौटकर जब उन्होंने देखा तो डिक्की से रुपये का बैग गायब था, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना थाने में दी।

घटना की सूचना मिलते ही लहरपुर के पुलिस उपाधीक्षक आलोक प्रसाद तथा तंबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। पुलिस को कुछ संदिग्ध लोग कैमरे में नजर आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित