सीतापुर , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में हरगांव थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि आठ जुलाई को हरगांव थाना क्षेत्र में एक महिला का शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान रेनू के रूप में हुई थी। मामले की गहन जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शनिवार को कल्याणपुर तिराहे पर काली माता मंदिर के पास से आरोपी रामजीवन निवासी ग्राम बेहटी, थाना लहरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से उसके मृतका रेनू से संबंध थे। उसे संदेह था कि रेनू अन्य लोगों से भी फोन पर बातचीत करती थी, जिससे वह नाराज रहता था। इसी को लेकर उसने हत्या की योजना बनाई और रेनू को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ग्राम कबीरपुर के पास ले गया, जहां उसका गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित