सीतापुर , सितंबर 03 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के ठाकुर नगर गांव में गुरुवार दोपहर बाद एक मकान के आंगन की मिट्टी अचानक धंसने से करीब 30 फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना के समय आंगन में बच्चे खेल रहे थे, लेकिन गनीमत रही कि कोई बच्चा गड्ढे में नहीं गिरा।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार देर शाम बताया कि नैमिषारण्य के प्रवेश द्वार ठाकुर नगर निवासी कल्लू पुत्र हेमनाथ के मकान के आंगन में अचानक मिट्टी धंसने से गहरा गड्ढा बन गया। घटना की सूचना मिलते ही नैमिषारण्य पुलिस मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने पर अपर जिलाधिकारी मिश्रिख दीपक गुप्ता, खंड विकास अधिकारी राम सुमिरन, नायब तहसीलदार निधि दीक्षित, कानूनगो सुशील कुमार, लेखपाल कुलदीप सिंह तथा नैमिषारण्य थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा मौके पर पहुंचे और गड्ढे का निरीक्षण किया।
अधिकारियों के निर्देश पर बांस के सहारे गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग कराई गई। साथ ही मकान के लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने गड्ढे को शीघ्र मिट्टी से भरवाने का आश्वासन दिया है। अचानक जमीन धंसने की घटना के बाद ग्रामीणों में कौतूहल के साथ तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित