सीतापुर , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग से नाराज एक युवक ने अपनी नाबालिग बहन की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बजेहरा निवासी सुमित्रा यादव (16) का पड़ोसी गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले वह अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। बाद में पुलिस ने उसे बरामद कर लिया था और नाबालिग होने के कारण न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।

पुलिस के अनुसार, सुमित्रा अपने प्रेमी के संपर्क में मोबाइल फोन के माध्यम से बनी हुई थी। शनिवार सुबह उसका भाई कमल उसे गांव की गली में मोबाइल पर बात करते हुए देख बैठा। इससे नाराज होकर वह उसे घसीटते हुए घर ले जाने लगा। इसी दौरान उसने बांके से अपनी बहन पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी कमल फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित