सीतापुर , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में पैन कार्ड बनवाने के नाम पर ग्रामीणों से आधार कार्ड और बायोमेट्रिक जानकारी लेकर फर्जी सिम कार्ड निकालने तथा बैंक खाते खोलने की कोशिश करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, बायोमेट्रिक मशीन और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि मिश्रिख थाना क्षेत्र के खुर्शिदाबाद गांव में कुछ संदिग्ध लोग ग्रामीणों को पैन कार्ड बनवाने का झांसा देकर उनके आधार कार्ड और बायोमेट्रिक जानकारी एकत्र कर रहे थे। बुधवार शाम एक ग्रामीण को संदेह होने पर उसने पुलिस को सूचना दी और ग्रामीणों ने संदिग्धों को पकड़कर मिश्रिख थाने पहुंचाया।
उन्होंने बताया कि थाना पुलिस और साइबर टीम की पूछताछ में सामने आया कि हरदोई जिले के रहने वाले करण कुमार, अभिषेक, हरिश्चंद्र, पिंटू और विकास पिछले कुछ दिनों से गांव में लोगों के आधार कार्ड लेकर बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवा रहे थे। पुलिस के अनुसार करीब 60 से 70 ग्रामीणों के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक जानकारी के दुरुपयोग की आशंका है।
मामले में पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया है। जांच के दौरान करण कुमार निवासी थाना माधवगंज, अभिषेक निवासी थाना माधवगंज और हरिश्चंद्र निवासी थाना बघौली, जनपद हरदोई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पुराना रजिस्टर, पैन कार्ड बनाने की रसीदें, चार मोबाइल फोन, एक बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट मशीन, तीन आधार कार्ड, एक लिखा हुआ स्टांप और एक सादा स्टांप बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित