सीतापुर , अक्टूबर 27 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में कमलापुर थाना क्षेत्र के पंच पीर गांव के पास सोमवार देर रात एक गहरे तालाब में कार समेत डूबे तीन लोगों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने क्रेन और गोताखोरों की मदद से कार तथा तीनों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बहराइच में किसी व्यक्ति के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलने पर सिधौली निवासी राकेश चौरसिया (50), रामेंद्र सिंह (62) और सतीश निर्मल (40) रविवार देर रात कार से बहराइच जाने के लिए रवाना हुए थे। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला, तो सोमवार को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने तलाश के दौरान सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसमें पंच पीर गांव के पास एक वाहन के गहरे तालाब में गिरने की आशंका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने सोमवार देर रात मौके पर पहुंचकर गोताखोरों को बुलाया और क्रेन की मदद से कार समेत तीनों शवों को बाहर निकलवाया।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित