सीतापुर , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में कमलापुर थाना क्षेत्र के कमरिया चौराहे पर रविवार दिन में डंपर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ग्राम चौड़िया कुठार निवासी इंद्रराज (20) और दीपक (19) मोटरसाइकिल से सिधौली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कमरिया चौराहे पर तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार डंपर चालक की तलाश के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित