सीतापुर , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में कोतवाली देहात क्षेत्र के अंगरासी मोड़ पर ग्राम ककरहा के पास रविवार सुबह ट्रक और बाइक की टक्कर में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मामी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस सूत्रों ने रविवार दोपहर बताया कि तीनों लोग थाना रामकोट क्षेत्र के गांव एरथाना निवासी हैं और एक शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीतापुर-गोला मार्ग पर ककरहा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में रेखा पांडे (50) और उनके पुत्र हिमांशु पांडे (30) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उनकी मामी 45 वर्षीय सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित