सीतापुर , मई 21 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एटीएम कार्ड बदलकर ग्राहकों से धोखाधड़ी करने वाले दो शातिर अंतरजनपदीय अपराधियों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 80 एटीएम कार्ड, 4500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस उपाधीक्षक नगर कपूर कुमार ने बताया कि नगर कोतवाली में एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकालने संबंधी एक अभियोग पूर्व से दर्ज था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को सफलता मिली और गुरुवार दोपहर बाद बहुगुणा चौराहा अंडरपास के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयकिशन निवासी मिर्जापुर थाना सोरों, जनपद कासगंज तथा सचिन निवासी नगला एनी थाना कोतवाली देहात, जनपद एटा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से अलग-अलग बैंकों के 80 एटीएम कार्ड, 4500 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग शहरों में जाकर भोले-भाले लोगों को निशाना बनाते थे। एटीएम से रुपये न निकलने की स्थिति में वे मदद करने के बहाने ग्राहकों से उनका एटीएम कार्ड लेकर ओटीपी प्राप्त कर लेते थे। इसके बाद ग्राहकों को फर्जी एटीएम कार्ड थमा देते थे और उनके जाने के बाद असली कार्ड से रुपये निकाल लेते थे।

आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे टेलीग्राम ग्रुप बनाकर इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ गाजियाबाद, एटा, जौनपुर और सीतापुर समेत विभिन्न जनपदों में धोखाधड़ी, चोरी, नकबजनी और अवैध शस्त्र रखने जैसे मामलों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा आरोपियों के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित