सीतापुर , अगस्त 24 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में सोमवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों के दो घाटों पर स्नान करते समय एक युवक और एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। दोनों घटनाएं उस समय हुईं, जब लोग बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए स्नान कर रहे थे।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार दोपहर बाद बताया कि सदना थाना क्षेत्र के निबाह गांव निवासी सोनू शुक्ला (20) देवदेवेश्वर घाट पर गोमती नदी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया। साथियों के शोर मचाने पर मौके पर जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम पहुंची। गोताखोरों की मदद से सोनू को नदी से बाहर निकालकर नैमिषारण्य के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना लहरपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव स्थित सूर्यकुंड में हुई। यहां अनूप कुमार अवस्थी का पुत्रय केशु (12) स्नान करते समय गहरे पानी में चला गया। लोगों ने उसे डूबते देखा तो गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला गया। उसे लहरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित