सीतापुर , मई 8 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में आकस्मिक परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा दंगा एवं बलवा जैसी स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में दंगा नियंत्रण का पूर्वाभ्यास किया गया। रिजर्व पुलिस लाइन सीतापुर के परेड ग्राउंड में आयोजित इस मॉक ड्रिल में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेते हुए भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और त्वरित कार्रवाई से संबंधित अभ्यास किया। इस दौरान दंगा नियंत्रण उपकरणों के प्रयोग तथा आपात परिस्थितियों में समन्वय स्थापित करने के उपायों का भी प्रदर्शन किया गया।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि इस ड्रिल का उद्देश्य पुलिस बल को किसी भी आपातकालीन स्थिति तथा शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशिक्षित एवं सतर्क रखना है। उन्होंने कहा कि समाज में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस बल का दक्ष और अनुशासित होना आवश्यक है।

मॉक ड्रिल के दौरान जवानों ने अनुशासन एवं तत्परता के साथ अभ्यास में भाग लिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संयम, सतर्कता और टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सिधौली, क्षेत्राधिकारी महोली सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित