सीतापुर , मई 04 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिला कारागार में निरुद्ध एक बंदी ने सोमवार दोपहर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जेल अधीक्षक प्रीति यादव ने बताया कि मृतक बंदी मुनेंद्र , निवासी ग्राम दनियारपुर थाना मिश्रिख, अप्रैल में दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत जेल भेजा गया था। सोमवार को उसने अज्ञात कारणों के चलते बैरक में पंखे से लटककर आत्महत्या करने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि बैरक में मौजूद अन्य बंदियों ने उसे लटका देखा तो तत्काल नीचे उतारकर जेल प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।

जेल अधीक्षक ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। ड्यूटी पर तैनात जेल कर्मियों की भूमिका, फांसी लगाने के लिए प्रयुक्त सामग्री कहां से आई, इन सभी बिंदुओं की जांच की जाएगी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जाता है कि मृतक पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप था और वह अपने पिता के साथ इस मामले में निरुद्ध था। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित