गया जी, जून 21 -- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहर के सीताकुंड वाटिका में मोक्षदायिनी फल्गु नदी के तट पर योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया। मोक्ष की धरती पर फल्गु नदी के किनारे सैकड़ों की संख्या में लोगों के योगाभ्यास का नजर ही कुछ और था।

इस योग प्रशिक्षण का संचालन आचार्य जितेंद्र ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया, साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी।

योग गुरु आचार्य जितेंद्र ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन योग करने और अपने परिवार व समाज में भी योग के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग करने से विभिन्न प्रकार की बीमारियों से निजात मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित