हैदराबाद , जुलाई 30 -- तेलंगाना की पंचायत राज, महिला एवं बाल कल्याण मंत्री दनसारी अनसूया सीतक्का ने गुरुवार को अधिकारियों को राज्य भर में आंगनवाड़ी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कदम उठाने के निर्देश दिये।
सुश्री सीतक्का ने सचिवालय में महिला एवं बाल कल्याण विभाग के कामकाज पर एक समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने अधिकारियों को आंगनवाड़ी केंद्रों के कामकाज में सुधार के लिए सुझाव जुटाने और प्रतिक्रिया के आधार पर एक व्यापक कार्य योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने विभाग को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साथ जिलावार बैठकें आयोजित करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने अधिकारियों को आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालयों, पीने के पानी और बिजली से जुड़ी समस्याओं की तुरंत पहचान करने और उनका समाधान करने के भी निर्देश दिये।
सुश्री सीतक्का ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए पोशाक अक्टूबर के पहले सप्ताह तक तैयार हो जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।अधिकारियों ने उन्हें बताया कि 16 जिलों में भर्ती अधिसूचनाएं पहले ही जारी की जा चुकी हैं, जबकि शेष जिलों में प्रक्रिया पूरी करने के लिए जिला कलेक्टरों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिये गये।
उन्होंने अधिकारियों को आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों के पोषण और विकास पर एक नमूना सर्वेक्षण करने तथा निष्कर्षों के आधार पर पोषण कार्यक्रमों में सुधार करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से हर जिले में गोद लेने के केंद्र स्थापित करने के प्रयासों को तेज करने को कहा। उन्होंने बताया कि राज्य में गोद लेने के 17 केंद्र पहले से ही काम कर रहे हैं।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सार्वजनिक धन के कुशल उपयोग पर जोर देते हुये सुश्री सीतक्का ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि केंद्रीय धन का हर एक रुपया लोगों की जरूरतों के अनुसार खर्च किया जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित