हैदराबाद , जुलाई 15 -- तेलंगाना की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री डॉ. दानसारी अनसूया सीतक्का ने बुधवार को अधिकारियों को अगले महीने से पूरे राज्य में आंगनवाड़ी नाश्ता योजना का विस्तार करने के निर्देश दिये।

ज़िला अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विभाग के कल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए सुश्री सीतक्का ने कहा कि बचपन ही एक स्वस्थ समाज की नींव होता है और अच्छी गुणवत्ता वाला पोषण, शिक्षा एवं देखभाल विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने भद्राद्री कोठागुडेम और कुमुराम भीम आसिफाबाद जिलों में इस पायलट परियोजना के उत्साहजनक परिणामों का हवाला दिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पौष्टिक भोजन, अंडे, दूध, दाल और 'टेक होम राशन' की बिना रुकावट आपूर्ति सुनिश्चित करें और चेतावनी दी कि घटिया सामानों की आपूर्ति करने वाले ठेकेदारों को काली सूची में डाला जायेगा। कुछ आंगनवाड़ी केंद्रों में खराब गुणवत्ता के अंडे की आपूर्ति की खबरों को गंभीरता से लेते हुए, उन्होंने ज़िला अधिकारियों को तुरंत विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया।

सुश्री सीतक्का ने ज़िला अधिकारियों और सुपरवाइज़रों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करें और आंगनवाड़ी केंद्रों में परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता की जांच के लिए उसे चखकर भी देखें। उन्होंने मंज़ूर की गयी 2,500 आंगनवाड़ी इमारतों का काम तेज़ी से पूरा करने और मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल कार्यक्रम के ज़रिए उनके एक साथ उद्घाटन के लिए एक कार्य योजना तैयार करने का भी निर्देश दिया, साथ ही भविष्य में ज़रूरतों के आधार पर 2,500-3,000 और केंद्र बनाने का प्रस्ताव भी रखा।

मंत्री ने पूरी पारदर्शिता एवं योग्यता के साथ आंगनवाड़ी कर्मचारियों की भर्ती में तेज़ी लाने, बच्चों के सुरक्षा तंत्र को मज़बूत करने, गोद लेने की प्रक्रियाओं में तेज़ी लाने और समन्वित जागरूकता अभियानों के ज़रिए तेलंगाना को बाल-विवाह मुक्त राज्य बनाने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों को प्रवासी मज़दूरों के बच्चों के लिए मोबाइल आंगनवाड़ी का दायरा बढ़ाने, दूर-दराज़ के जनजातीय इलाकों तक सेवाएं पहुँचाने, "अम्मा माटा-आंगनवाड़ी बाटा" कार्यक्रम और दूध वितरण जैसी पहलों के असर पर नज़र रखने और स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित करने के लिए बेहतरीन काम करने वाले आंगनवाड़ी कर्मचारियों की पहचान करने का भी निर्देश दिया।

सुश्री सीताक्का ने कहा कि वह 16 और 17 अगस्त को विभाग की प्रगति की फिर से समीक्षा करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित