मुलुगु , अक्टूबर 21 -- तेलंगाना की पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं यहां की विधायक दानासारी अनुसूया सीतक्का ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार अल नीनो के कारण घटती बारिश और बढ़ते तापमान के मद्देनजर पेयजल संकट को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठा रही है।

मुलुगु जिले के वेंकटपुरम मंडल में रामप्पा झील और फ्लोराइड हटाने की (डिफ्लूराइडेशन) परियोजना का निरीक्षण करतेहुए सुश्री सीतक्का ने बताया कि झील में वर्तमान में 29 फुट पानी उपलब्ध है। उन्होंने अधिकारियों को दो दिनों के भीतर पानी छोड़ने के निर्देश दिए और कहा कि जल आपूर्ति बढ़ाने के लिए सरकार गोदावरी नदी से पानी पंप करने की संभावना तलाश रही है।

उन्होंने बताया कि डिफ्लूराइडेशन परियोजना के माध्यम से शोधित जल की आपूर्ति मुलुगु, वेंकटपुरम, गोविंदरावपेट, मल्लंपल्ली और आसपास के इलाकों के साथ-साथ भूपालपल्ली जिले के कुछ हिस्सों में की जाएगी। अधिकारी लगातार जल उपलब्धता और भूजल स्तर की निगरानी कर रहे हैं।

सुश्री सीतक्का ने ग्रामीणों से रोजगार गारंटी योजना के तहत चेक डैम, भूजल पुनर्भरण गड्ढे और तालाबों के पुनरुद्धार सहित जल संरक्षण कार्यों को अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और रामप्पा-लखनवरम नहर सहित प्रस्तावित वैकल्पिक स्रोतों पर भी ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया, ताकि गर्मियों के दौरान लोगों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित