हैदराबाद , जुलाई 20 -- तेलंगाना की पंचायती राज और ग्रामीण विकास मंत्री डॉ दानसरी अनसूया सीतक्का ने अमेरिका में रह रहे प्रवासी तेलंगाना समुदाय से अपनी सांस्कृतिक जड़ों को संजोये रखने और नवाचार, प्रौद्योगिकी एवं सामाजिक पहलों के माध्यम से राज्य के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
अमेरिका में तेलुगु अमेरिका तेलंगाना एसोसिएशन (टीटीए) के महाधिवेशन को संबोधित करते हुए सुश्री सीतक्का ने तेलंगाना के परिवारों से अपनी भाषा, इतिहास और परंपराओं पर गर्व करने तथा उन्हें आने वाली पीढ़ियों को सौंपने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सच्ची प्रगति अपनी जड़ों को भूले बिना वैश्विक सफलता हासिल करने में है।
मंत्री ने प्रवासी समुदाय से विदेशों में अर्जित ज्ञान, प्रबंधन कौशल और तकनीकी विशेषज्ञता का उपयोग तेलंगाना के विकास के लिए करने की अपील की। उन्होंने उनसे छात्रों का मार्गदर्शन करने, सरकारी विद्यालयों को सहायता देने, महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए बाजार के अवसर पैदा करने और किसानों को आधुनिक तकनीक से परिचित कराने के लिए प्रोत्साहित किया।
श्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार की पहलों का जिक्र करते हुए सुश्री सीतक्का ने कहा कि रोजगार और उद्यमिता के अवसरों के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक शक्ति केंद्रों में बदला जा रहा है। उन्होंने पूर्ण सरकारी सहायता का आश्वासन देते हुए प्रवासी समुदाय को महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण विकास में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित किया।
आधिकारिक बयान में सोमवार को कहा गया है कि अपनी यात्रा के दौरान सुश्री सीतक्का ने आदिवासी परंपराओं के अनुसार, आदिवासी देवियों सम्मक्का और सरलम्मा को समर्पित 'गद्देलु' के प्रतिष्ठापन समारोह में भी भाग लिया और विशेष पूजा-अर्चना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित