चंडीगढ़ , अगस्त 20 -- पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने गुरुवार को पंजाब लोक भवन में राष्ट्रमंडल खेल (सीडब्ल्यूजी)-2026 की रजत पदक विजेता और अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक हरजिंदर कौर को उनकी शानदार खेल उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।
हरजिंदर कौर को बधाई देते हुए श्री कटारिया ने कहा कि उनकी सफलता ने पंजाब के साथ-साथ पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने हरजिंदर कौर के समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की सराहना की और कहा कि उनकी उपलब्धियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन की मिसाल हैं।
उल्लेखनीय है कि हरजिंदर कौर ने बर्मिंघम में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल-2022 में कांस्य पदक जीता था। अब सीडब्ल्यूजी-2026 में रजत पदक हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा, निरंतरता और कड़ी मेहनत का परिचय दिया है।
श्री कटारिया ने कहा कि हरजिंदर कौर जैसे खिलाड़ी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विशेष रूप से उनकी सफलता लड़कियों को खेलों में आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है।
राज्यपाल ने हरजिंदर कौर के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में पंजाब और भारत के लिए कई और पदक जीतेंगी। हरजिंदर कौर ने सम्मान और प्रोत्साहन के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित