चिक्कमंगलुरु , जुलाई 28 -- कर्नाटक में मंगलवार को सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधान पार्षद सीटी रवि को मंगलवार को चेतावनी दी कि अगर वे नफरत भरे भाषण देना जारी रखते हैं, तो उन्हें चिक्कमगलुरु में घुसने नहीं दिया जायेगा।
एसडीपीआई नेता अतीक ने चिक्कमंगलुरु प्रेस क्लब में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री रवि पर राजनीतिक फायदे के लिए बार-बार मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाकर जानबूझकर सांप्रदायिक तनाव भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "कोई भी मुल्ला अनपढ़ नहीं है। सीटी रवि पूरे मुस्लिम समुदाय को अपनी राजनीति में घसीट रहे हैं। हम अब ऐसे नफरत भरे भाषण बर्दाश्त नहीं करेंगे। अगर वे ऐसे बयान देते रहे, तो मुसलमान एकजुट होकर उन्हें चिक्कमगलुरु में घुसने से रोकेंगे।"श्री अतीक ने श्री रवि की पिछली टिप्पणियों का जवाब देते हुए उनके बयान पर सवाल उठाया, जिससे वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ तीखी बहस हो गयी। यह टकराव कुछ देर के लिए बढ़ गया लेकिन बाद में स्थिति को काबू में कर लिया गया। एसडीपीआई ने श्री रवि पर समुदायों का ध्रुवीकरण करना और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने का आरोप लगाया। पार्टी ने भड़काऊ बयान देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित