बेंगलुरु , जुलाई 25 -- राष्ट्रीय प्रवेश सह पात्रता परीक्षा (नीट) में कथित गड़बड़ियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरोध प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम समुदाय के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में भाजपा एमएएलसी सीटी रवि के खिलाफ चिक्कमगलुरु टाउन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
इस बीच कर्नाटक राज्य मुस्लिम फेडरेशन ने शनिवार को श्री रवि की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए उन पर सांप्रदायिक नफरत फैलाने और सार्वजनिक सद्भाव बिगाड़ने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने चिक्कमगलुरु की जामिया मस्जिद के अध्यक्ष मुदस्सिर पाशा (36) की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रवि ने 23 जुलाई को चिक्कमगलुरु के आज़ाद पार्क में भाजपा के विरोध प्रदर्शन के दौरान ये टिप्पणियां की थीं।
यह प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के तहत दर्ज की गई है। यह धारा ऐसे बयान देने या फैलाने से संबंधित है जिनका मकसद अलग-अलग समूहों के बीच नफरत, दुर्भावना या दुश्मनी को बढ़ावा देना और सार्वजनिक शांति को भंग करना होता है।
शिकायत के अनुसार रवि ने "मुल्लाओं" और नीट मुद्दे के बीच संबंध पर सवाल उठाये, सीएए,एनआरसी और नीट का ज़िक्र किया और कथित तौर पर मुसलमानों को "टुकड़े गैंग" कहा।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर फैले इस भाषण में मुस्लिम समुदाय के बारे में अपमानजनक बातें कही गयी थीं और इसका मकसद सांप्रदायिक अशांति फैलाना और झगड़ा भड़काना था।
इस बीच कर्नाटक राज्य मुस्लिम फेडरेशन ने रवि की कथित टिप्पणियों को "चौंकाने वाला" और "बहुत ज़्यादा भड़काने वाला" बताया और राज्य सरकार से उनकी तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। संगठन ने कहा कि रवि ने सम्मानित धार्मिक नेताओं का अपमान किया, सांप्रदायिक बंटवारा भड़काने की कोशिश की और हेट स्पीच (नफ़रत फैलाने वाला भाषण) का अपराध किया, जिस पर तुरंत कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित