नयी दिल्ली , अक्टूबर 10 -- वरिष्ठ अर्थशास्त्री एवं मनमोहन सरकार के कार्यकाल में राष्ट्रीय सलाहकार समिति के सदस्य ज्यां द्रेज़ ने शनिवार को कहा कि सरकार 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन से डर गयी है इसलिए उसने सीजेपी को रोकने के लिए अत्यधिक बाल का प्रयोग किया है। श्री ज्यां द्रेज ने आज यहां जंतर मंतर पर मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए कहा,"मैं उन सभी लोगों की ओर से बोल रहा हूँ जो यहाँ नहीं पहुँच पाए हैं क्योंकि यहाँ ज़रूरत से कहीं ज़्यादा ताक़त का प्रदर्शन किया गया है। सरकार के इतने डरे होने की वजह हिंसा या सुरक्षा का कोई ख़तरा नहीं है, बल्कि इस बात का डर है कि देश के लोग यह समझ जायेंगे कि उनसे वोट देने का अधिकार छीना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को आज जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी थी और विमान से आ रहे उसके नेताओं को दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया।

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने कल कहा था कि सीजेपी को नियम अनुसार 10 दिन पहले अनुमति के लिए पत्र लिखना चाहिए था। पुलिस ने 20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान शर्तों के उल्लंघन और उपद्रवों का उल्लेख किया था।

दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर के आसपास निषेधाज्ञा जारी कर रखी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित