दतिया , अगस्त 11 -- मध्यप्रदेश के दतिया शहर के सिविल लाइन इलाके में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) सतीश वसुनिया के बंगले के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना 23 जुलाई की सुबह करीब 09 बजे की है। सीजेएम सतीश वसुनिया अपने सिविल लाइन स्थित बंगले पर मौजूद थे। इसी दौरान न्यायालय का एक कर्मचारी बंगले पर पहुंचा और उन्हें बताया कि बाहर एक व्यक्ति गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है। आरोपी ने कर्मचारी से कथित तौर पर कहा कि वह चार लोगों को मार चुका है और साहब को भी मारना है।

जानकारी मिलने पर सीजेएम बंगले से बाहर आए, लेकिन उनके बाहर आने तक आरोपी वहां से जा चुका था। शिकायत के मुताबिक आरोपी की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष है और घटना के समय उसने सफेद रंग की टी-शर्ट तथा काले रंग का लोअर पहन रखा था।

सीजेएम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके न्यायालय में प्रतिदिन विभिन्न मामलों की सुनवाई होती है, जिनमें गंभीर अपराधों के आरोपी भी पेश होते हैं। बंगले के बाहर अज्ञात व्यक्ति द्वारा धमकी दिए जाने की घटना के बाद उन्होंने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

घटना के अगले दिन 24 जुलाई को सीजेएम की ओर से पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी गई थी। इसमें अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा संबंधी मांग की गई थी। यह शिकायत बाद में 10 अगस्त को कोतवाली थाना पहुंची, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी की पहचान के लिए पुलिस बंगले के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित