रायपुर , फरवरी 21 -- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को प्रदेशभर के निर्धारित केंद्रों में दो पालियों में संपन्न होगी।
आयोग ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि परीक्षा दिवस पर समय और ड्रेस कोड के नियमों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें पेपर-I (सामान्य अध्ययन) होगा। दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी, जिसमें एप्टीट्यूड टेस्ट (पेपर-II) लिया जाएगा।
पहली पाली के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य है, जबकि दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:00 बजे तक उपस्थिति दर्ज करानी होगी। पहली पाली में सुबह 9:45 बजे और दूसरी पाली में दोपहर 2:45 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा प्रारंभ होने से 15 मिनट पूर्व गेट पूरी तरह सील कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
राज्य सेवा परीक्षा के माध्यम से कुल 238 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें सर्वाधिक 51 पद नायब तहसीलदार (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग) के लिए निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त 29 पद मुख्य नगर पालिका अधिकारी (कक्षा 'ग') तथा 28 पद राज्य पुलिस सेवा (उप पुलिस अधीक्षक) के लिए स्वीकृत किए गए हैं।
अन्य प्रमुख पदों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (कक्षा 'ख') - 18 पद, छत्तीसगढ़ अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी - 15 पद, छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा (उप जिलाधिकारी) - 14 पद, राज्य कर निरीक्षक - 16 पद, उप पंजीयक - 12 पद, आबकारी उप-निरीक्षक - 11 पद तथा राज्य कर सहायक आयुक्त - 10 पद शामिल हैं।
आयोग ने परीक्षा के लिए सख्त ड्रेस कोड निर्धारित किया है। अभ्यर्थियों को केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। काला, गहरा नीला, हरा, जामुनी, मैरून, बैंगनी तथा गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। कार्गो या डिजाइनर परिधान स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
जूते, मोटे सोल या हाई हील वाले फुटवियर पर प्रतिबंध रहेगा। केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर की अनुमति होगी। सामान्य जींस या सादा पैंट पहनी जा सकती है।
महिला अभ्यर्थियों के लिए सलवार-कुर्ती (आधी बांह) व दुपट्टा मान्य है। साड़ी के साथ आधी बांह का ब्लाउज अनिवार्य है। विवाहित महिलाओं को केवल मंगलसूत्र और एक नोज पिन की अनुमति होगी। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण प्रतिबंधित रहेंगे (धार्मिक आवश्यक प्रतीक को छोड़कर)।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। इनमें से कोई एक दस्तावेज मान्य रहेगा - वोटर आईडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार कार्ड या ई-आधार। प्रवेश पत्र और पहचान पत्र में नाम अथवा उपनाम में अंतर होने पर नाम परिवर्तन का मूल शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा।
केवल आयोग द्वारा जारी ऑनलाइन प्रवेश पत्र का प्रिंट आउट ही स्वीकार किया जाएगा। फोटो या हस्ताक्षर अस्पष्ट होने की स्थिति में नियमानुसार सत्यापन कराना आवश्यक होगा।
मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, लॉग टेबल, पेजर या किसी भी प्रकार के संचार उपकरण परीक्षा हॉल में ले जाना सख्त वर्जित है। मैकेनिकल या डिजिटल किसी भी प्रकार की घड़ी की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई उपकरण ऑन अवस्था में पाया गया तो अनुचित साधन का प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच और मैन्युअल फ्रिस्किंग की जाएगी। संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी तथा अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र दिखाते हुए वीडियो रिकॉर्डिंग करानी अनिवार्य होगी।
आयोग ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा केंद्र का स्थान एक दिन पहले ही देख लें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। देरी से पहुंचने या केंद्र न मिलने के संबंध में किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
राज्य सेवा परीक्षा में पदों की संख्या पिछले एक दशक में उतार-चढ़ाव भरी रही है। वर्ष 2015 में सर्वाधिक 352 पदों पर भर्ती हुई थी, जबकि कोविड काल (2020-21) में यह संख्या घटकर लगभग 171-175 तक पहुंच गई थी। वर्ष 2024 में 246 पदों के लिए अधिसूचना जारी हुई थी। इस वर्ष 238 पदों के साथ भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई है, जो राज्य में प्रशासनिक सेवाओं की सतत आवश्यकता को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित