फगवाड़ा , जुलाई 28 -- राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव को पत्र लिखकर अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा में तैनात छह पुलिस कर्मियों को तत्काल वापस लेने और उन्हें जालंधर के लोहियां खास तथा कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी थानों में तैनात करने की मांग की है।
संत सीचेवाल ने मंगलवार को डीजीपी को भेजे पत्र में लोहियां क्षेत्र और सुल्तानपुर लोधी स्थित पवित्र काली बेईं के आसपास चोरी, लूटपाट और नशे से जुड़े अपराधों में वृद्धि पर चिंता जतायी। उन्होंने सुझाव दिया कि उनकी सुरक्षा में लगे तीन पुलिस कर्मियों को लोहियां खास थाना और शेष तीन को सुल्तानपुर लोधी थाना भेजा जाये, ताकि वे आम लोगों की सुरक्षा में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें।
संत सीचेवाल ने कहा कि पुलिस थानों में कर्मचारियों की कमी के कारण अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है, जबकि उनकी सुरक्षा में छह जवान तैनात हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा से अधिक महत्वपूर्ण आम नागरिकों की सुरक्षा है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया कि इससे पहले भी उन्होंने मलसियां पुलिस चौकी में स्टाफ की कमी को लेकर पंजाब पुलिस को लिखा था। उस समय उनके पैतृक गांव सीचेवाल में एक ही रात में आठ चोरी की घटनाएं हुई थीं और बिजली की तारें चोरी कर ली गयी थीं। उन्होंने कहा कि केबल चोरी की घटनाएं अब भी क्षेत्र में लगातार सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी से जुड़ी पवित्र काली बेईं पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु आते हैं, लेकिन हाल के समय में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं के कारण श्रद्धालुओं में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने इसे गंभीर चिंता का विषय बताया।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि उन्होंने शुरू से ही व्यक्तिगत सुरक्षा लेने से इनकार किया था क्योंकि उन्हें किसी प्रकार का खतरा महसूस नहीं होता। इसके बावजूद उनकी सुरक्षा में पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गयी। अब उन्होंने स्वयं अनुरोध किया है कि उनकी सुरक्षा तत्काल वापस लेकर इन जवानों को उन पुलिस थानों में भेजा जाये, जहां उनकी अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि आम जनता ही सुरक्षित नहीं होगी तो एक सांसद के लिए बड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने डीजीपी से बिना विलंब उनके अनुरोध को स्वीकार करने की अपील की।
पत्र की प्रतियां पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, मुख्यमंत्री भगवंत मान, जालंधर और कपूरथला के उपायुक्तों तथा दोनों जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गयी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित