चंडीगढ़ , जुलाई 29 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर तीखा हमला बोला और कहा कि राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल द्वारा पंजाब के पुलिस महानिदेशक को लिखा गया पत्र पंजाब में कानून-व्यवस्था के पूरी तरह विफल होने का सबसे बड़ा प्रमाण है।

बुधवार को जारी बयान में श्री ढिल्लों ने कहा कि यह आरोप विपक्ष का नहीं, बल्कि सत्तारूढ़ दल के अपने सांसद का लिखित बयान है, जिसमें चोरी, लूटपाट और नशे की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जतायी गयी है। उन्होंने कहा कि जब सत्ताधारी दल का सांसद यह लिखने को मजबूर हो जाये, " मेरी सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों को थानों में भेज दिया जाए, क्योंकि जनता को उनकी अधिक जरूरत है", तो यह सरकार की नाकामी का सबसे बड़ा सबूत है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने संत सीचेवाल का सम्मान करते हुए केवल इतना सवाल किया है कि जब पंजाब में उनकी अपनी पार्टी की सरकार है तो उन्हें डीजीपी को पत्र लिखने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सवाल का जवाब मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को देना चाहिए।

श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध बढ़ रहे हैं, पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं, राजनीतिक दलों के कार्यालयों पर हमले हो रहे हैं और दिनदहाड़े हत्या, चोरी तथा लूटपाट जैसी घटनाएं आम हो गयी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री भगवंत मान, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते।

श्री ढिल्लों ने कहा कि सरकारें केवल विज्ञापनों से नहीं, बल्कि सुशासन और प्रभावी कानून-व्यवस्था से चलती हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब प्रचार नहीं, बल्कि सुरक्षा, शांति, बेहतर कानून-व्यवस्था और जवाबदेह सरकार चाहती है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में सुरक्षित वातावरण केवल भाजपा सरकार ही उपलब्ध करा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित