नयी दिल्ली , जून 18 -- चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की अंतिम परीक्षा के गुरुवार को घोषित परिणामों में पटियाला के नूर सिंगला ने 83 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर प्रथम प्राप्त किया है, जबकि हावड़ा के रितिज सर्राफ ने 79 प्रतिशत से अधिक अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है।
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) द्वारा घोषित परिणाम में सिंगला ने कुल 499 (83.17 प्रतिशत) अंक हासिल किए हैं, वहीं दूसरे स्थान पर रहे रितिज सर्राफ ने 475 (79.17 प्रतिशत) अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया है। मुंबई के डोम्बिवली (पूर्व) के सोहन अनिल मांजरेकर 473 अंक यानी 78.83 प्रतिशत के साथ देश में तीसरा स्थान पर रहे।
संस्थान के अनुसार, देश तथा विदेशों में कुल 544 केंद्रों पर आयोजित इस अंतिम परीक्षा में कुल 87,497 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। प्रथम-समूह की परीक्षा के लिए कुल 54,606 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था, जिनमें से 6,555 (12 प्रतिशत) छात्र सफल हुए। द्वितीय-समूह के लिए परीक्षा में कुल 42,573 छात्र बैठे थे, जिनमें से 8,725 छात्र (20.49 प्रतिशत) सफल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित