मधुबनी , जुलाई 28 -- बिहार के मधुबनी जिले के साहरघाट थाना क्षेत्र के सीएसपी संचालक अनिता कुमारी के साथ हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक लाइनर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बेनीपट्टी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमित कुमार ने मंगलवार को बताया कि घटना के समय ग्रामीणों ने एक आरोपी, सीतामढ़ी जिले के पुपरी थाना क्षेत्र निवासी पप्पू ठाकुर के पुत्र गुलशन कुमार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।उन्होंने बताया कि एसआईटी ने गुलशन कुमार की निशानदेही पर साहरघाट थाना क्षेत्र के बसवरिया निवासी राम बल्लम ठाकुर के पुत्र मनोज कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया। जांच और पूछताछ में खुलासा हुआ कि लूट की पूरी साजिश बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के रजघट्टा गांव निवासी राजदेव मुखिया के पुत्र संतोष मुखिया ने रची थी, जबकि साहरघाट निवासी स्वर्गीय शत्रुघ्न झा के पुत्र आशुतोष झा ने वारदात के लिए पिस्तौल उपलब्ध कराई थी।

एसडीपीओ ने बताया कि सीएसपी केंद्र की गतिविधियों और नकदी संबंधी जानकारी मनोज कुमार शर्मा लगातार बदमाशों को उपलब्ध करा रहा था। इसी सूचना के आधार पर आरोपियों ने योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया बैग, पांच हजार रुपये नकद और अन्य कागजात बरामद कर लिए हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित