रायपुर , जुलाई 15 -- छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत के आधार पर जिला खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए अवैध रेत और गिट्टी परिवहन के आरोप में छह ट्रैक्टर जब्त किये हैं।
बुधवार को मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार नवपदस्थ कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिला खनिज विभाग ने विशेष अभियान चलाकर यह कार्रवाई की। शिकायत प्राप्त होने के बाद जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान संचालित किया।
जांच के दौरान कोलबिर्रा और रुमगा क्षेत्र से रेत से भरे तीन ट्रैक्टर, खंता और पिपरिया क्षेत्र से रेत से भरे दो ट्रैक्टर तथा सधवानी क्षेत्र से गिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। सभी छह वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग ने संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। विभाग के अनुसार निर्धारित जुर्माना एवं समझौता राशि खनिज मद में जमा किए जाने के बाद ही नियमानुसार जब्त वाहनों को मुक्त किया जाएगा।
कलेक्टर दयाराम के. ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने को कहा है।
प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध खनिज उत्खनन अथवा परिवहन की जानकारी मिलने पर सीएम हेल्पलाइन या संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित