गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही , सितंबर 05 -- छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद खनिज विभाग ने अवैध रेत और गिट्टी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आठ ट्रैक्टर जब्त किए हैं।

खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच के दौरान ग्राम खंता से रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर, रूमगा से दो, चिचगोहना, कोरजा और लालपुर से एक-एक ट्रैक्टर जब्त किया। इसके अलावा कोटमी क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया।

विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार जब्त वाहनों में चार ट्रैक्टर गौरेला थाना, तीन कोटमी चौकी और एक मरवाही थाना की अभिरक्षा में रखा गया है। वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने कहा है कि अवैध खनन, उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित