रांची , अप्रैल 15 -- झारखंड कैबिनेट की बैठक सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज धुर्वा प्रोजेक्ट भवन में हुई।
इसमें 53 प्रस्तावों की स्वीकृति पर मुहर लगी है। राज्य के विद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) एवं पोलिटेकनिक संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए उभरती हुई टेक्नोलॉजी पर आधारित राज्य स्तरीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्विज के आयोजन के लिए योजना की स्वीकृति दी गई।
झारखण्ड राज्य में संचालित उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों (विश्वविद्यालय को छोड़कर) में वैज्ञानिक एवं तकनीकी महत्व के विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी तथा गणित (स्टेम) से संबंधित महत्वपूर्ण दिवस आयोजित करने के लिए सर ज्ञानेंद्र चंद्र घोष वैज्ञानिक और तकनीकी महत्व के दिनों के उत्सव के लिए योजना की स्वीकृति दी गई।
राज्य में संचालित उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानें में अध्ययनरत् विद्यार्थियों के लिए झारखण्ड रोबोटिक्स फेस्टिवल के आयोजन के लिए योजना की स्वीकृति दी गई।
इसके अलावा राज्य के उच्च एवं तकनीकी संस्थानों में अध्ययनरत छात्रों के लिए 'सर ज्ञानेंद्र चंद्र घोष स्कीम फॉर सेलिब्रेशन ऑफ डेज ऑफ साइंटिफिक एंड टेक्निकल इम्पोर्टेंस' को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत राष्ट्रीय गणित दिवस और राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन किया जाएगा।
साथ ही झारखंड रोबोटिक्स फेस्टिवल के आयोजन को भी स्वीकृति दी गई, जिसमें 10 विभिन्न श्रेणियों के रोबोट डिजाइन शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, रांची, धनबाद और डाल्टनगंज के न्यायमंडलों में गठित तीन विशेष न्यायालयों के लिए जिला न्यायाधीश स्तर के तीन नए पदों के सृजन को भी मंजूरी प्रदान की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित