लखनऊ , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश में सीएम डैशबोर्ड की मार्च माह की जारी रिपोर्ट में हमीरपुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है जबकि बरेली दूसरे और रामपुर तीसरे स्थान पर रहे।

यह रैंकिंग जिलों के विकास कार्यों, राजस्व प्रबंधन और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर तैयार की गई है।

सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में 49 विभागों के 110 कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा की जाती है। इसमें जनसुनवाई, राजस्व कार्य, विकास योजनाएं और कानून-व्यवस्था जैसे अहम पहलुओं को शामिल किया जाता है। इसके आधार पर हर माह जिलों की रैंकिंग जारी की जाती है, जिससे प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता भी सुनिश्चित होती है।

रिपोर्ट के अनुसार, मैनपुरी ने चौथा और हरदोई ने पांचवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं टॉप-10 जिलों में शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, जालौन, सोनभद्र और कौशांबी ने भी जगह बनाई है।

रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के अनुसार, जिले में विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जा रहा है, जिसका परिणाम लगातार बेहतर रैंकिंग के रूप में सामने आ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित