गौतमबुद्धनगर , जुलाई 27 -- उत्तर के जिला गौतमबुद्धनगर मुख्यालय में सोमवार को जिलाधिकारी की नेतृत्व में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड, सीएमआईएस पोर्टल तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
सोमवार को आयोजित बैठक के संबंध में जिलाधिकारी द्वारा जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि,विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों, विभिन्न निर्माण कार्यों, जीरो पॉवर्टी अभियान, ई-ऑफिस, फैमिली आईडी एवं आधार सीडिंग सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सीएम डैशबोर्ड एवं सीएमआईएस पोर्टल के संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक अधिकारी अपने विभाग की प्रगति के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होगा।
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज प्रत्येक सूचकांक की प्रतिदिन समीक्षा करें और लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केवल पोर्टलों पर आंकड़े अपलोड करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए। जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जिन विभागों की प्रगति निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप नहीं है, उनकी जवाबदेही तय की जाए और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तय समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करें।
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं। उन्होंने कार्यों में अनावश्यक विलंब और तकनीकी शिथिलता पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए।
जीरो पॉवर्टी अभियान, ई-ऑफिस प्रणाली तथा फैमिली आईडी एवं आधार सीडिंग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा प्रत्येक विभाग को प्रतिदिन अपनी प्रगति की समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि गौतमबुद्धनगर को सीएम डैशबोर्ड पर प्रदेश के अग्रणी जनपदों में स्थापित करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रत्येक विभागाध्यक्ष को पूर्ण जवाबदेही, समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए जनपद की रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित करना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित