श्रीगंगानगर , सितम्बर 27 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ क्षेत्र में नहरों में पर्याप्त सिंचाई पानी न मिलने की शिकायत को लेकर चल रहा किसान आंदोलन रविवार को 18वें दिन भी जारी रहा।
इसी बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आज शाम सूरतगढ़ कार्यक्रम में अपनी मांगें रखने और विरोध दर्ज कराने के लिए अनूपगढ़ से निकले किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने घग्घर पुल पर रोक दिया। अनूपगढ़ विधायक शिमला नायक सहित कई लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस प्रशासन को पहले से जानकारी थी कि किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता सूरतगढ़ कार्यक्रम में पहुंचकर काले झंडे दिखा सकते हैं या विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। इसलिए घग्घर पुल के दोनों ओर अवरोधक लगाए गए और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सूरतगढ़ की ओर जाने वाले वाहनों और लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी।
विधायक शिमला नायक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान गाड़ियों से सूरतगढ़ के लिए रवाना हुए। जब जत्था घग्घर पुल पर पहुंचा तो पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत और बहस चली। कुछ कार्यकर्ताओं ने अवरोधक पार करके आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद किसानों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे नहीं बढ़ने दिया। इसके बाद पुलिस ने विधायक शिमला नायक सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों को हिरासत में ले लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित