देहरादून/उत्तरकाशी , मई 23 -- दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर शनिवार को आए देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार उत्तरकाशी पंहुचे। यहां उन्होंने हर्षिल पोलिंग बूथ का स्थलीय निरीक्षण किया और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर )की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बूथ की बीएलओ मिंटो देवी के काम की सराहना करते हुए इसे देश के लिए प्रेरणा बताया।
इस दौरान उन्होंने पत्नी के साथ गंगोत्री धाम के दर्शन कर विशेष पूजा अर्चना की। वह रविवार को देहरादून में एसआईआर के सम्बंध में तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
सीईसी श्री कुमार ने आज दो दिवसीय दौरे पर भारत-चीन सीमा से सटे उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री विधानसभा के सीमांत गांव हर्षिल में स्थित पोलिंग बूथ का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर के साथ विस्तृत संवाद किया तथा एसआईआर की मैपिंग आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बीएलओ ग्राउंड लेवल पर कर्मठता के साथ ऐप के माध्यम से सूची में शामिल "एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डूप्लीकेट और विदेशी मतदाताओं" को चिन्हित कर मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य कर रहे हैं। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र मतदाताओं को वोटर लिस्ट में जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
श्री कुमार ने बीएलओ मिंटू देवी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि एसआईआर कार्य में समपर्ण के साथ जुटे सभी बूथ लेवल ऑफिसर्स को चुनाव आयोग सैल्यूट करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि देश के सभी बीएलओ इसी सक्षमता के साथ कार्य करेंगे।
तत्पश्चात सीईसी गंगोत्री पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साधु-संतों और संन्यासी मतदाताओं के साथ काफी देर तक विस्तृत संवाद किया। उन्होंने दुर्गम परिस्थितियों और कड़ाके की ठंड के बीच भी देश के चुनावी उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए संतों के प्रति आभार व्यक्त किया। संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि एक ऐसा पोलिंग बूथ जहाँ शत-प्रतिशत मतदाता केवल साधना में लीन रहने वाले साधु-संत हैं, यह हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की विविधता और ताकत की अनूठी मिसाल है। इससे पूर्व उन्होंने मां गंगा के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित