कोलकाता , फरवरी 25 -- पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने तृणमूल कांग्रेस के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर के नवगठित राजनीतिक दल 'जनता उन्नयन पार्टी' (जेयूपी) के पंजीकरण की चुनाव आयोग से सिफारिश की है।

सीईओ कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि पार्टी पंजीकरण के लिए आवश्यक सभी प्रक्रियात्मक औपचारिकताएं पूरी कर ली गयी हैं और नयी दिल्ली स्थित चुनाव आयोग को औपचारिक सिफारिश भेज दी गयी है।

सूत्रों के अनुसार, यदि कोई आपत्ति नहीं आती है और सभी दस्तावेज सही पाये जाते हैं तो आयोग अगले 15 दिनों के भीतर पंजीकरण की अनुमति दे सकता है।

एक बार पंजीकरण स्वीकृत हो जाने के बाद हुमायूं कबीर अपनी पार्टी के लिए आधिकारिक चुनाव चिह्न के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। मुर्शिदाबाद के भरतपुर से मौजूदा विधायक हुमायूं ने पिछले साल 22 दिसंबर को अपनी नयी पार्टी बनाने की घोषणा की थी।

यह घोषणा बेलडांगा के 'खागरुपाड़ा मोड़' पर की गयी थी, जहां उन्होंने पार्टी का घोषणापत्र भी जारी किया था। उस समय श्री हुमायूं ने आगामी विधानसभा चुनाव भरतपुर के पड़ोसी चुनाव क्षेत्रों रेजीनगर और बेलडांगा से लड़ने के अपने इरादे की घोषणा की थी।

पार्टी के नाम के चयन पर स्पष्टीकरण देते हुए हुमायूं ने कहा था कि वह इसके नाम में 'कांग्रेस' या 'तृणमूल' जैसे शब्दों को शामिल नहीं करना चाहते थे।

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के संदर्भ में कहा था, "मुर्शिदाबाद की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया है और वे तृणमूल को भी उखाड़ फेंकने का इंतजार कर रहे हैं।"उन्होंने कहा कि 'जनता उन्नयन पार्टी' नाम से आम लोग आसानी से खुद को जोड़ पाएंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह 'जनता की पार्टी होगी, जो आम लोगों के विकास पर केंद्रित होगी'।

हुमायूं ने अपने पसंदीदा चुनाव चिह्न का भी संकेत दिया है। उन्होंने याद करते हुए कहा कि वर्ष 2016 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में 'टेबल' चुनाव चिह्न के साथ चुनाव लड़ा था और नयी पार्टी के लिए 'टेबल' उनकी पहली पसंद होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित