लखनऊ , सितंबर 16 -- पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आजाद अधिकार सेना के अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास से मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन की प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेख न्यास की आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक करने का अनुरोध किया है।

श्री ठाकुर ने बुधवार को कहा कि न्यास ने 14 सितंबर को जारी अपनी प्रेस विज्ञप्ति में सीईओ चयन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण के अभिलेखीकरण की बात कही है। ऐसे में पारदर्शिता और सार्वजनिक विश्वास बनाए रखने के लिए चयन प्रक्रिया से जुड़े अभिलेखों को सार्वजनिक किया जाना स्वाभाविक है।

उन्होंने न्यास से विशेष रूप से अंतिम 16 अभ्यर्थियों की स्वीकृत सूची तथा उनके साक्षात्कार में उपस्थित होने से संबंधित आवश्यक अभिलेख सार्वजनिक करने का अनुरोध किया है। इसके अलावा अभ्यर्थीवार मूल्यांकन अभिलेख, एक सितंबर को हुई खोज समिति की रिपोर्ट एवं उसकी संस्तुति के प्रासंगिक अंश तथा अंतिम तीन नामों के चयन अथवा संस्तुति का तुलनात्मक आधार भी सार्वजनिक करने की मांग की है।

श्री ठाकुर ने कहा कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इससे संबंधित सभी मूल अभिलेखों को सुरक्षित रखा जाना भी आवश्यक है। उन्होंने न्यास से चयन प्रक्रिया से जुड़े सभी मूल दस्तावेजों एवं अभिलेखों को संरक्षित रखने का अनुरोध किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित