बीजापुर , जनवरी 31 -- छत्तीसगढ में बीजापुर जिले के नक्सल प्रभावित दुर्गम क्षेत्रों में प्रशासनिक पहुंच और संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। जिला कलेक्टर संबित मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने भैरमगढ़ अनुविभाग के आंतरिक इलाकों का विस्तृत दौरा किया और सीआरपीएफ कैंपों में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी तथा उनकी जरूरतों की जानकारी ली।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह सुरक्षाबलों के जवानों की दोपहिया वाली गश्ती टुकड़ी में कलेक्टर और उनकी मातहत टीम निकली। बहुत से कैंपों में जाकर कलेक्टर ने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करके उनकी जरूरतों को जाना और मंजूरी को लेकर आश्वासन दिया। कलेक्टर और उनकी टीम कल देर शाम लौटी।

प्रशासनिक दल ने फुड़ड़ी पुलिया के मार्ग से नियद नेल्लानार ग्राम पंचायत के बेलनार स्थित सीआरपीएफ कैंप तक का सफर तय किया। वहां ग्रामीणों से विस्तृत चर्चा की गई। इसके बाद दल चिंगेर पंचायत के पल्लेवाया सीआरपीएफ कैंप पहुंचा, जहां चिंगेर, पल्लेवाया, निरम और तालिकोड़ गांवों के निवासियों ने अपनी बात रखी।

ग्रामीणों ने कलेक्टर के समक्ष मुख्य रूप से सड़क व पुल-पुलिया निर्माण, बिजली कनेक्शन, आंगनबाड़ी भवन, विद्यालय भवन तथा धान खरीदी केंद्र जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी को उजागर किया। कलेक्टर ने इन सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और शीघ्र आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान करने का आश्वासन दिया।

चर्चा के बाद, कलेक्टर ने सुरक्षा जवानों के साथ दोपहिया वाहन से तालिकोड़ गांव का भ्रमण किया। इसके उपरांत दल ग्राम पंचायत बेल के आश्रित गांव धरसा पहुंचा, जहां उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया।

यह पहला अवसर था जब पल्लेवाया सीआरपीएफ कैंप से तालिकोड़ होते हुए धरसा गांव तक किसी कलेक्टर की पहुंच बनी। इस ऐतिहासिक दौरे को क्षेत्र में प्रशासन के प्रति बढ़ते विश्वास और नक्सल भय में कमी के सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही, इसे इलाके के समग्र बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक अहम शुरुआत भी माना जा रहा है।

इस दौरान कलेक्टर के साथ अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भैरमगढ़, जनपद पंचायत भैरमगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला लोक सम्पर्क अधिकारी, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव तथा सुरक्षा बलों के जवान भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित