सुकमा , अक्टूबर 29 -- केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 74वीं बटालियन ने अपने वीर के-9 श्वान 'ईगो' को बुधवार को दोरनापाल स्थित बटालियन मुख्यालय में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। ईगो का 28 अक्टूबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था।

समारोह में बटालियन कमांडेंट हिमांशु पांडे सहित अधिकारियों और जवानों ने भाग लेकर इस बहादुर श्वान की सेवाओं को याद किया। भावुक माहौल में जवानों ने ईगो को फूलमालाओं और सलामी के साथ विदाई दी।

कमांडेंट पांडे ने कहा, "ईगो हमारे लिए सिर्फ एक ड्यूटी डॉग नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य था। उसने आईईडी का पता लगाने और ट्रैकिंग ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाकर कई जवानों की जान बचाई।"ईगो ने अपनी सेवाकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण अभियानों में भाग लिया था और उसे उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कई बार सम्मानित भी किया गया था। उसकी वफादारी और साहस ने पूरी बटालियन के लिए एक मिसाल कायम की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित