चंडीगढ़ , मई 29 -- केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के महानिदेशक प्रवीर रंजन की अध्यक्षता में चंडीगढ़ में शुक्रवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में ड्रोन-विरोधी प्रशिक्षण और हवाई अड्डों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में सीआईएसएफ के उत्तर क्षेत्र और हवाई अड्डा क्षेत्र की सुरक्षा तैयारियों, रणनीतियों और परिचालन क्षमताओं की समीक्षा की गयी। संवेदनशील प्रतिष्ठानों और नागरिक उड्डयन क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीकों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा हुई।

सीमावर्ती राज्यों जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और गुजरात में बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए ड्रोन खतरों और एंटी-सेबोटाज उपायों की समीक्षा की गई। सीआईएसएफ ने भारतीय सेना के सहयोग से चरणबद्ध ड्रोन-विरोधी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है, जिसमें जवानों को संदिग्ध ड्रोन की पहचान और उन्हें निष्क्रिय करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित