दरभंगा , मई 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगीने गुरुवार को कहा कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की तैनाती से दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को आज सीआईएसएफ को हस्तांतरित कर दिया गया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी शामिल हुए।
इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि सीआईएसएफ की तैनाती से दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट, जब से उड़ान योजना में शामिल हुआ है, लगातार कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट उड़ान 1.0 योजना में पूरे देश में नंबर एक पर रहा था। उन्होंने आज के दिन को दरभंगा के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि यह इलाका संवेदनशील है, इसलिए इस एयरपोर्ट की सुरक्षा भी जरूरी है।
श्री सरावगी ने कहा कि इस एयरपोर्ट की चिंता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों श्री मोदी ने वर्चुअल रूप से 1400 करोड़ रुपये से हवाई अड्डे के नए भवन का शिलान्यास किया था।
भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी के पहली बार दरभंगा आने पर उनका हार्दिक अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौधरी लगातार मिथिला और दरभंगा एयरपोर्ट की चिंता कर रहे हैं। उन्होंने दरभंगा के विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि दरभंगा में विकास के कई कार्य हो रहे हैं। आज दरभंगा विधानसभा में 6000 करोड़ की राशि से विकास कार्य चल रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वित्त मंत्री थे तब भी इन्होंने मिथिला के साथ दरभंगा की बड़ी चिंता की,तभी इतनी बड़ी राशि से दरभंगा का कायाकल्प हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित