पानीपत , मई 18 -- हरियाणा में पानीपत के सिवाह नहर पुल के पास सोमवार सुबह असंध निवासी एक बुजुर्ग दंपती ने संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कर दी गई।

जानकारी के अनुसार असंध निवासी 60 वर्षीय मुरारी लाल गोयल अपनी 56 वर्षीय पत्नी के साथ स्कूटी पर सवार होकर सिवाह नहर पुल पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दंपती ने पहले स्कूटी नहर किनारे खड़ी की और चप्पलें स्कूटी पर ही उतार दीं। इसके बाद दोनों ने अचानक नहर में छलांग लगा दी।

नहर किनारे स्कूटी खड़ी देख और दंपती को पानी में डूबता देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना इसराना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल गोताखोरों की टीम को नहर में उतारकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया।

फिलहाल नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस और गोताखोर लगातार तलाश में जुटे हैं।

पुलिस परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है ताकि मामले की वजह सामने आ सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित