सिवान , अक्टूबर 23 -- िहार के सिवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में शुक्रवार को अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विस्फोट की सूचना मिलते ही जामो बाजार थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी, महाराजगंज भी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं।
घटनास्थल पर जिला प्रशासन, अग्निशमन, बिजली विभाग, डॉग स्क्वॉड और मेडिकल टीम को बुलाया गया। वैज्ञानिक जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है। घटनास्थल की घेराबंदी कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी महाराजगंज के अंचल निरीक्षक (सीआई) को सौंपी गई है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महाराजगंज के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। इस मामले में जामो बाजार थानाध्यक्ष और स्थानीय चौकीदार को निलंबित किया गया है।मामले की छानबीन की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित