सिवनी , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के दौरान 49 किसानों की उपज "कम चमक" बताकर रिजेक्ट किए जाने पर आक्रोशित किसानों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे सिवनी-मंडला मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार कान्हीवाड़ा और केवलारी क्षेत्र की सेवा सहकारी समितियों से 25 अप्रैल को सात ट्रकों में गेहूं वेयरहाउस भेजा गया था। इसमें 49 किसानों की उपज शामिल थी, जिसे वेयरहाउस में सर्वेयर ने "चमक विहीन" बताकर अस्वीकार कर दिया और ट्रकों को वापस लौटा दिया।
किसानों का आरोप है कि सोसायटी स्तर पर खरीदी के बाद वेयरहाउस में गेहूं रिजेक्ट किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस संबंध में किसानों ने 26 अप्रैल को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी भी दी थी।
सोमवार को नाराज किसानों ने कान्हीवाड़ा बस स्टैंड पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाइश दी। अधिकारियों का कहना है कि शासन के नियमों के अनुसार 50 प्रतिशत तक कम चमक वाला गेहूं ही स्वीकार किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित