सिवनी , अगस्त 22 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिला जेल में बंद दोहरे हत्याकांड के एक विचाराधीन बंदी की शुक्रवार रात जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार केवलारी निवासी संकेत पुत्र कमल ठाकुर दोहरे हत्याकांड के मामले में जिला जेल सिवनी में बंद था। 21 अगस्त की रात करीब आठ बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने तत्काल चिकित्सक को बुलाकर उसका प्राथमिक उपचार कराया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।

संकेत को रात करीब नौ बजे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां करीब एक घंटे के उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। डूंडासिवनी थाना प्रभारी चैनसिंह उईके ने बताया कि बंदी की मौत के संबंध में मर्ग कायम किया गया है।

शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस एवं प्रशासन द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित