सिवनी , अक्टूबर 12 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिला चिकित्सालय के विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में छह माह के दौरान करीब 80 नवजात शिशुओं की मृत्यु का मामला सामने आने के बाद जांच के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पंकज दुबे ने बताया कि एक अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 1,088 नवजात शिशुओं को एसएनसीयू में भर्ती कराया गया था, जिनमें से 1,008 स्वस्थ होकर घर लौटे।
डॉ. दुबे के अनुसार, जांच में 28 दिन से कम उम्र के गंभीर नवजातों के उपचार और उनकी मृत्यु से जुड़े मामलों की पड़ताल की जा रही है। इनमें कम वजन वाले, समय से पहले जन्मे तथा सेप्टीसीमिया और अन्य गंभीर संक्रमणों से पीड़ित बच्चे शामिल हैं। जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर को भी शामिल किया गया है।
सीएमएचओ ने बताया कि नवजातों के उपचार, देखभाल और मृत्यु के कारणों की जांच कर संभावित कमियों की पहचान की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने तथा गंभीर नवजातों की देखभाल बेहतर बनाने में मदद मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित