नयी दिल्ली , मई 01 -- कांग्रेस ने कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी को सरकार का 'चुनावी बिल' करार देते हुए कहा है कि इसका सीधा असर आम लोगों की थाली पर पड़ना तय है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी तथा पार्टी संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हाल में कुछ राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के बाद सरकार ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में एक ही दिन में 993 रुपये की बढ़ोतरी की है।

उन्होंने कहा कि फरवरी से अब तक सिलेंडर के दामों में 1380 रुपये की वृद्धि हुई है, जो करीब 81 प्रतिशत का इज़ाफा है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस बढ़ोतरी से चायवाला, ढाबा, होटल, बेकरी और हलवाई जैसे छोटे कारोबारियों की रसोई पर सीधा असर पड़ेगा और इसका बोझ अंततः आम जनता पर पड़ेगा। कांग्रेस ने आशंका जताई कि गैस के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित