अलवर , सितम्बर 28 -- राजस्थान के अलवर में विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर नगर निगमकी ओर से सिलीसेढ़ झील परिसर में सोमवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर निगम आयुक्त लक्ष्मीकांत कटारा के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में 250 से अधिक कलाकारों, आमंत्रित अतिथियों, पर्यटकों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक शिरकत की। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ पर्यटन और स्वच्छ पर्यटक स्थलों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
सिलीसेढ़ की प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में स्वच्छता से जुड़े संदेश लिखे प्लेकार्ड लेकर जागरूकता रैली निकाली और सेल्फी स्टैंडीज के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन स्थलों की स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह समझाना था कि पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है।
नगर निगम आयुक्त लक्ष्मीकांत कटारा ने कहा कि अलवर के पर्यटन स्थलों की पहचान उनकी प्राकृतिक सुंदरता और स्वच्छता से जुड़ी है। सभी लोग मिलकर स्वच्छता के प्रति जागरूक रहेंगे, तो अलवर की पर्यटन छवि और अधिक मजबूत होगी।
कार्यक्रम में मौजूद पर्यटकों और कलाकारों ने भी स्वच्छ पर्यटन का संकल्प लेते हुए सिलीसेढ़ सहित सभी पर्यटन स्थलों को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित