पटना , जून 05 -- िश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कला एवं संस्कृति विभाग के अधीन विभिन्न संस्थानों में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम में भारतीय नृत्य कला मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशक श्रीमती रूबी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
श्रीमती रूबी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सिर्फ एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर विभाग के अधीन राज्यभर के विभिन्न संग्रहालयों, अकादमियों, सांस्कृतिक संस्थानों एवं संबद्ध कार्यालयों में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा प्रकृति के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर बिहार संगीत अकादमी के संयुक्त सचिव महमूद आलम, भारतीय नृत्य कला मंदिर की सचिव श्रीमती अमृता प्रीतम तथा जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित