जयपुर , अक्टूबर 30 -- राजस्थान में सिरोही पुलिस ने एक करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का अवैध अफीम का दूध बरामद करके एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया हैं।
पुलिस के अनुसार पंचायत चुनाव के मद्देनजर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत सिरोही जिला पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की है। आबूरोड रीको थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मावल पुलिस चौकी पर सघन गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था कि गुरुवार की शाम को गुजरात सीमा से सटे मावल चौकी पर नाकाबंदी के दौरान राजस्थान नंबर के एक मिनी ट्रक को रोककर तलाशी लेने पर ट्रक के केबिन में रखे एक बैग में भारी मात्रा में अवैध अफीम का दूध पाया गया।
इस दौरान ट्रक चालक के कब्जे से 20 किलो 696 ग्राम अफीम का दूध जब्त कर मिनी ट्रक को सीज कर दिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान महादेव प्रजापत (24) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में बिलपान थाना क्षेत्र के धराड़ गांव निवास केरूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह अवैध अफीम मध्यप्रदेश के नीमच से लेकर आ रहा था और इसे सिद्धपुर (गुजरात) में सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अफीम सप्लाई नेटवर्क के मुख्य सरगना की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित